मुख्यमंत्री आज "उ. प्र. जनसंख्या नीति 2021 - 2030" का विमोचन करेंगे
दैनिक कानपुर उजाला
लखनऊ।
आज रविवार पूर्वाह्न 11.30 बजे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी
आदित्यनाथ जी द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर "उत्तर प्रदेश
जनसंख्या नीति 2021 - 2030" का विमोचन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कालिदास
मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में
परिवार नियोजन को प्रोत्साहित करने के लिए जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े की
गतिविधियों का विधिवत शुभारम्भ हो जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित
प्रदेश सरकार में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप
सिंह और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना के उद्बोधन होंगे | कार्यक्रम
का स्वागत भाषण अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण अमित
मोहन प्रसाद, आई.ए.एस. द्वारा और धन्यवाद भाषण राज्य मंत्री चिकित्सा
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अतुल गर्ग द्वारा किया जाएगा। इसी कार्यक्रम
में वैश्विक महामारी कोरोना की जाँच हेतु प्रदेश के 11 जनपदों अमेठी,
औरैया, बुलन्द शहर, बिजनौर, मऊ, महोबा, कासगंज, देवरिया, कुशीनगर, सोनभद्र
एवं सिद्धार्थ नगर में विकसित की गई 11 बी.एस.एल. - 2 आर.टी. पी.सी.आर.
प्रयोगशालाओं का लोकार्पण मुख्यमंत्री जी के कर कमलों द्वारा किया जाएगा।
चिकित्सा शिक्षा विभाग की पूर्व में कुल 22 आर.टी. पी.सी.आर. लैब संचालित
हैं, इस प्रकार प्रदेश में बी.एस.एल. - 2 स्तर की आर.टी. पी.सी.आर. लैब की
संख्या 44 हो जाएंगी। जिससे जन-मानस को जनपदों में कोविड-19 की जाँच
रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध होगी। साथ ही, जन-जन को स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध
कराने में तकनीक का प्रयोग करने के आशय से सी.एच.सी. / पी.एच.सी. ऐप का
शुभारम्भ मुख्यमंत्री जी द्वारा किया जाएगा। नव-विवाहितों में परिवार
नियोजन के साधनों को प्रोत्साहित करने के लिए "शगुन किट" के वितरण का आयोजन
किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जनसंख्या नीति और विश्व जनसंख्या दिवस के
दृष्टिगत परिवार नियोजन की महत्ता पर बनाई गयी फिल्म को भी दिखाया जाएगा।